कासिमाबाद। वाहन चेकिंग के दौरान शुक्रवार को एक युवक की पिटाई करना चौकी इंचार्ज बाराचवर और एक सिपाही को भारी पड़ा। रविवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के अध्यक्ष द्वारा लोगों के साथ थाना घेराव करने पर पुलिस अधीक्षक ने चौकी इंचार्ज और पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
मालूम हो कि बरेसर थाना क्षेत्र के दिलशादपुर गांव निवासी शिवजी सिंह के पुत्र उपेंद्र सिंह शुक्रवार की शाम किसी कार्य से बाइक से बाराचवर चट्टी पर गया था। वापस आते समय सहजतपुर पुलिया के पास चौकी इंचार्ज बाराचवर देवेंद्र बहादुर सिंह ने अपने हमराहियों के साथ वाहन चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया था। इसी बीच किसी बात को लेकर उपेंद्र की पुलिस से बहस हो गई थी। इस पर पुलिसकर्मियों ने उपेंद्र सिंह की जमकर धुनाई कर दी थी। नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परसा-तिराहीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ढाई घंटा बाद समाप्त कराया था। कोई कार्रवाई न होने पर रविवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने साथियों के साथ बरेसर थाना पहुंचकर घेराव कर दिया और सिपाही सुनील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करने लगे। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद से बात करने पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह से फोन पर वार्ता कर घटना की जानकारी दी। पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट एवं उसके चोट के निशान की फोटो खींचकर उनके व्हाट्स एप पर भेजा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा पीड़ित को इंसाफ दिलाने के लिए बाराचवर पुलिस चौकी का घेराव एवं आंदोलन करेगा। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां के चौकी इंचार्ज एवं सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, विकास सिंह, अभय सिंह, मंटू सिंह, बबलू सिंह, अशोक सिंह के साथ ही ग्रामीण मौजूद रहे।