मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव के सामने मंगलवार की दोपहर कार की टक्कर से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए वाराणसी जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार के साथ शव को कब्जे में ले लिया।
इलाके के तमलपुरा गांव निवासी राजजी यादव (50) साइकिल से मुहम्मदाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर में गाजीपुर-हाजीपुर मार्ग पर अहीरौली गांव के सामने भांवरकोल की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अल्टो कार से टक्कर मार दिया, जिससे रामजी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल से पूछताछ करने के बाद इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भेजवाया। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार को भी कब्जा में ले लिया गया। मृतक के भाई सुरेंद्र यादव ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर मामली की छानबीन शुरु कर दी गई है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।