रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में एक सप्ताह पहले दामाद ने अपने चचेरे ससुर की पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपी को पकड़ीतर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी मारकंडेय (45) दोनों पैर से विकलांग होने के चलते किसी तरह खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। रेवतीपुर थाने के कल्याणपुर गांव में अपने बुआ के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच उनके बड़े भाई का दमाद करतार यादव उर्फ लड्डू ने उन्हें लाठी-डंडे से पीट कर मौत के घाट उतार दिया। शोर मचाने पर जब-तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते हमलावर वहां से फरार हो गया था। वहीं घायल को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने वाराणसी भेज दिया। परिवार के सदस्य उपचार कराने के लिए वाराणसी लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही मारकंडेय ने दम तोड़ दिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस हत्यारोपी दामाद की तलाश में जुटी हुई है। मुखबिर की सूचना पर सुबह सात बजे आरोपी को पकड़ीतर मोड़ से दबोच लिया गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह, महेंद्र कुमार यादव, अमित गोस्वामी, रविशंकर चौधरी आदि मौजूद थे।