शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-छह में प्रवेश के लिए 38 सौ से ज्यादा विद्यार्थियों के बीच दाखिले की जंग होगी। इसमें 26 सौ से अधिक बालक और साढ़े 11 सौ से ज्यादा बालिका हैं। आठ जनवरी को होने वाली परीक्षा के लिए इस बार भी पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एक पाली में आयोजित परीक्षा के लिए केंद्रों पर विद्यार्थी आवंटित कर दिए गए हैं।
शहर के पुलिस लाइन के पास जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना वर्षों पहले की गई थी। विद्यालय की कक्षा-छह की चालीस सीटों पर दाखिले के लिए हर वर्ष प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। हर बार की तरह इस बार भी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
8 जनवरी को होने वाली परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों से 3912 विद्यार्थियों की तरफ से आवेदन किया गया था। इन आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद प्रवेश परीक्षा के लिए 3852 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 2690 बालक एवं बालिकाओं की संख्या 1162 है। प्रवेश परीक्षा में सबसे ज्यादा विद्यार्थी जखनिया और सबसे कम सादात विकासखंड के विद्यार्थी बैठेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार जखनिया के 451, मनिहारी के 262, सादात के 78, सैदपुर 291, देवकली 345, बिरनो के 248, मरदह 286 तथा गाजीपुर सदर के 245 विद्यार्थी हैं। इसके अलावा नगर 199, करंडा 121, कासिमाबाद 307, बाराचवर 142, मुहम्मदाबाद 274, भांवरकोल 119, जमानिया 189, रेवतीपुर 163 और भदौरा ब्लाक के 132 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा एक पाली में दिन में 11 से डेढ़ बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा की तैयारी जोरशोर से की जा रही है।