गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों पर लगाम लगने लगी है। अब संक्रमित मिलने की संख्या शून्य हो चुकी है। यही नहीं जिला अस्पताल में एक भी संक्रमित भर्ती नहीं हैं। जबकि 22 होम आइसोलेशन, 17 बीएचयू एवं दो अन्य जिलों के अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं। वहीं मौत के आंकड़ों पर लगाम नहीं लग रहा है। अब तक 266 लोगों की जान जा चुकी है। एक तरफ जहां नए संक्रमित नहीं मिलने से मेडिकल टीम ने राहत ली है, वहीं मौत ने चिंता बढा दी है। संक्रमण की दूसरी लहर ने जनपद को ऐसा अपने चपेट में लिया कि एक तरफ जहां स्वास्थ्य विभाग के तैयारियों की पोल खुल गई। वहीं संक्रमितों के मिलने एवं मौत के आंकड़ों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। ऐसे में जिलाधिकारी ने जांच, दवा एवं टीकाकरण को लेकर ऐसा अभियान छेड़ा की संक्रमण साफ होना शुरू हो गया। स्थितियां अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 26 जून को जहां एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। वहीं जिले के बाहर इलाज करा रहे एक संक्रमित की मौत हो गई। वर्तमान समय में जनपद में 41 सक्रिय मरीज हैं। इसमें 22 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 17 बीएचयू एवं दो गैर जनपदों के अस्पताल में अपना उपचार करा रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में अब एक भी मरीज भर्ती नहीं हैं। जबकि रोजाना 68 मोबाइल टीम एवं 17 स्टेटिक टीम दो हजार से ऊपर की जांच कर रही है। नोडल एसीएमओ -डा. उमेश कुमार ने बताया कि जांच लगातार चल रही है। संक्रमितों का आंकड़ा शून्य हो चुका है। बावजूद विभाग की ओर से एहतियात और सक्रियता बढ़ा दी गई है।