गाजीपुर। कोरोना संक्रमण काल में जान की बाजी लगा महामारी से लड़नेे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशाओं ने सर्वे जैसे जोखिम भरे काम किए। उन्होंने बृहस्पतिवार को टीकाकरण में उत्साह से भाग लिया और टीका लगवाया। इसके बाद लोगों को जागरूक भी किया। अपील भी की कि लोग भय छोड़े और बेखौफ होकर टीका लगवाएं। जिले के नौ केंद्रों पर कहीं सुबह नौ तो कही 10 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। सुबह आठ बजे ही स्वास्थ्य टीम वैक्सीनेशन के लिए केंद्रों पर पहुंच गई थी। जिला अस्पताल पहुंचे सीएओ डा. जीसी मौर्या एवं नोडल एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने वैक्सीनेशन कक्ष का निरीक्षण किया। 9 बजे कोविन एप पर पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों के आने का क्रम शुरू हो गया। 9.25 बजे सीएमओ कार्यालय में तैनात राघवेंद्र प्रताप सिंह को पहला टीका लगा। इसके बाद उन्हें निगरानी कक्ष में आंधे घंटे तक रखा गया। पुन: दूसरे रास्ते से छोड़ दिया गया। इसके बाद एक-एक करके पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों का वैक्सीनेशन शाम पांच बजे तक चलता रहा।
रेवतीपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 10.30 बजे बीपीएम बबीता सिंह को कोरोना का टीका लगा। मरदह : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 10 बजे आशा कार्यकर्ता ऊषा पांडेय, 10.15 मिनट पर प्रमिला सिंह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 10.25 आंगनबाड़ी रिंकू सिंह, 10.40 बजे सुनीता देवी को टीका लगा। निगरानी कक्ष में रखने के बाद सभी को घर भेजा गया। इसके अलावा अन्य केंद्रों पर भी टीकाकरण शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चलता रहा।