ददरीघाट पर सीढ़ियों को तोड़कर बीच में कराए जा रहे निर्माण कार्य का लोगों ने विरोध कर दिया। सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और काम रोकने का निर्देश दिया।
गाजीपुर नगर के ददरीघाट पर रविवार को विश्राम स्थल का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसके लिए पक्के घाट की सीढि़यों को तोड़ा जाने लगा, वह भी बीचों-बीच। यह देखकर कुछ स्थानीय लोग भड़क उठे। उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। सूचना पाकर मौके पर नगर पालिका ईओ अमिता वरुण पहुंची। उन्होंने 26 फरवरी तक कार्य रोकने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
बता दें कि घाट पर विश्राम स्थल के निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए मिट्टी की खोदाई शुरू कराई गई। जनता को आपत्ति इस बात पर है कि घाट की सीढ़ियों को तोड़कर किस तरह का निर्माण कार्य किया जा रहा है लिहाजा आपत्ति जताई और तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई। अब आगे उच्च अधिकारियों की सुनवाई के बाद अगले कार्य पर विचार किए जाने की उम्मीद है।