प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराने के लिए जिले के मनिहारी विकासखंड स्थित बीआरसी के पास मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण शुरु हो गया है। 22 करोड़ 31 लाख से अधिक की लागत से 1500 विद्यार्थियों की क्षमता के बनने वाले इस स्कूल में डिजिटल एजुकेशन प्लेटफार्म और डिजिटल लर्निंग के संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री माॅडल कंपोजिट विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई एक ही छत के नीचे होगी। 1500 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस स्कूल में 30 कमरे बनाए जाएंगे। स्कूल में डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास चलाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के हिसाब से कक्षा एक से 12 तक की अलग-अलग कक्षाएं चलेंगी। सह-शैक्षिक गतिविधियों के लिए मल्टीपल हॉल की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालय के संचालन को प्रभावी बनाने के लिए प्रधानाचार्य और स्टाफ के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध होगी। बच्चों को पौष्टिक आहार देने के लिए पोषण वाटिका में बागीचा होगा। बालिका शौचालय में इंसीनरेटर एवं सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालय का भवन भूकंपरोधी बनाया जाएगा। आधुनिक अग्निशमन यंत्रों एवं आनलाइन सीसीटीवी कैमरा की स्थापना होगी। मनिहारी बीआरसी के पास करीब पांच एकड़ जमीन पर 22 करोड़ 31 लाख 79 हजार से बनने वाले इस विद्यालय के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था को 11 करोड़ 15 लाख 89 हजार की धनराशि मिल गई है। चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरु हो गया है। इसे तीन वर्ष में पूरा कराया जाना है।
0000
डिजिटल एजुकेशन प्लेटफार्म और डिजिटल लर्निंग के संसाधन कराए जाएंगे उपलब्ध
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में डिजिटल एजुकेशन प्लेटफाॅर्म और डिजिटल लर्निंग के संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूल में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स एवं मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, भाषा, गणित, विज्ञान और कंप्यूटर लैब, मल्टीपरपज हॉल, खेलकूद मैदान, मॉड्यूलर किचन, डाइनिंग हॉल का निर्माण होगा।। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे, सोलर पैनल भी लगवाए जाएंगे।
0000
मनिहारी ब्लाॅक के बीआरसी के पास मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए चहारदीवारी का निर्माण का काम शुरु हो गया है। कार्यदायी संस्था की ओर से तीन वर्ष में काम पूरा करा लिया जाना है।- हेमंत राव, बेसिक शिक्षा अधिकारी