सरजू पांडेय पार्क में सिलिंडर, पेट्रोल व डीजल पर माला पहनाकर धरना देते कांग्रेस पार्टी के पदाधि
गाजीपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को शहर में पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर प्रदेश सचिव फसाहत हुसैन बाबू ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने में विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री, सब्जी, दूध, दाल एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ रहा है। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के बढ़ते दामों ने गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। सरकार लगातार जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है, जबकि आम आदमी की आय लगातार घटती जा रही है। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम इतने बढ़ चुके हैं कि गरीब परिवारों के लिए भोजन बनाना भी मुश्किल हो गया है। कांग्रेस जनता की आवाज को लगातार उठाती रहेगी। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह जनविरोधी हैं। बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई ने युवाओं एवं मध्यम वर्ग को गहरे संकट में डाल दिया है। सरकार को तुरंत जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने संयुक्त रूप से कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि का असर हर घर पर पड़ रहा है। प्रदर्शन में बटुक नारायण मिश्र, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञानप्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजू सिंह आदि रहे। अंत में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।