गाजीपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तथा युवा कांग्रेस के बैंक खातों को सीज करने के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को नगर के मोहनपुरवा स्थित आयकर कार्यालय का घेराव कर गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तख्ती और नारों से आयकर विभाग को सरकार के दबाव में असंवैधानिक कार्य न करने का नारा बुलंद किया।
पार्टी जिलाध्यक्ष सुनील राम ने बताया कि हाल ही में क्राउड फंडिंग के माध्यम से आमजन से सहायता राशि प्राप्त की गई थी, जिसे आयकर विभाग ने पक्षपातपूर्ण ढंग से भाजपा सरकार के दबाव में सीज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे खातों को सीज करने का भाजपा सरकार का रवैया लोकतंत्र विरोधी है।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार की ओर से एआईसीसी और यूथ कांग्रेस के क्राउड फंडिंग खाते को मनमाने और द्वेषपूर्ण रवैए के चलते आयकर विभाग पर दबाव बनाकर फ्रीज कराया है, जो गलत। इस मौके पर पूर्व प्रदेश सचिव जनक कुशवाहा, डा. मार्कंडेय सिंह, अजय श्रीवास्तव, महबूब निशा, उषा चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।