गाजीपुर। किसान दिवस का आयोजन बुधवार को विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में किसानों ने अधिकारियों के समक्ष समस्याओं के निस्तारण को लेकर गुहार लगाई।
मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। किसान ईश्वर शरण उपाध्याय ने कहा कि सहकारी संघ कासिमाबाद बंद है। इसे शुरू कराया जाए।
खरडीहा के किसान विनोद राय ने कहा कि मत्स्य पालन के लिए पट्टा नहीं हो रहा है। जबकि 20 वर्ष पहले पट्टा हुआ था। किसान अवधेश सिंह ने मांग की कि धान की नर्सरी के लिए बीज समय से मिल जाए।
साथ ही ढैंचा का बीज समय से प्राप्त हो। सुल्तानपुर के रामलाल यादव ने कहा कि ट्यूबेल का कुलाबा, हौज, फर्श खराब है। रामपुर मांझा के कमलापति पांडेय ने कहा कि ट्यूबेल की बोरिंग करा दी गई है।
बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार से आवेदन किया, लेकिन बिजली कनेक्शन जारी नहीं हुआ।
रानीपुर के रामबचन सिंह ने कहा कि पशुओं में बांझपन की समस्या है। समाधान कराएं। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, अधिशासी अभियंता नलकूप राहुल अग्रहरि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके शाही आदि मौजूद रहे।