गाजीपुर। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से जमानिया नगर पालिका क्षेत्र की तस्वीर बदलने जा रही है। योजना के तहत अनुमानित 62 लाख की लागत से कम्युनिटी हॉल व फूड स्ट्रीट हब का निर्माण कराया जाएगा। इससे एक ओर जहां जमानिया नगर पालिका प्रशासन के राजस्व में वृद्धि होगी, तो दूसरी तरफ नागरिकों को काफी सहूलियत मिलने जा रही है।जमानिया नगर पालिका क्षेत्र के 25 वार्डों में लगभग 70 हजार की आबादी रहती है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत विकास कार्यों व जनसुविधाओं को लेकर प्रस्ताव मांगा गया था। जमानिया नगर पालिका की ओर से दो प्रस्तावों का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। दोनों योजनाओं के लिए नगर पालिका की खुद की जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। जमानिया नगर पालिका ईओ संतोष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 39 लाख की लागत से कम्युनिटी हाॅल व 23 लाख फूड स्ट्रीट हब बनेगा। इसका डीपीआर बनाया जा रहा है।
प्राइवेट मैरेज हाॅल व लॉन के लिए नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर
कम्युनिटी हाॅल का निर्माण होने से लोग विभिन्न प्रकार के आयोजन बर्थ-डे, मीटिंग, बैठक व मांगलिक कार्यक्रम लोग आयोजित कर सकते हैं। जमानिया नगर पालिका परिषद प्रशासन उचित शुल्क पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति देगा। इसके कारण लोगों को विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर प्राइवेट मैरेज हाॅल व लॉन का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। साथ ही जेब भी ज्यादा ढीली नहीं होगी।
खाने के शौकीनों की रहेगी मौज
फूड स्ट्रीट हब योजना के तहत एक विशेष दायरे में सुव्यवस्थित तरीके से दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इस क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इसके बाद दुकानों को आवंटित किया जाएगा। इसमें नाश्ता, फास्ट-फूड, मिठाइयों आदि की दुकानें कतारबद्ध तरीके से नजर आएंगी। इससे खाने के शौकीनों को एक ही जगह पर विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनाें का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।