गाजीपुर। नगर के कलेक्ट्रेट तिराहे के सुंदरीकरण की कवायद शुरू हो गई है। यही नहीं नगर के प्रमुख चौराहों की सूची भी तैयार की जा रही है, जिससे उनको विकसित कर नया लुक दिया जा सके। इनका कायाकल्प करने के लिए जिला प्रशासन स्वयंसेवी संस्थाओं से भी मदद लेने की तैयारी में जुटा है। देख-रेख के अभाव में रंगत खो चुके चौराहों को दुरुस्त किया जाएगा।
काशी से सटे एवं मां गंगा के किनारे बसे गाजीपुर जिला मुख्यालय के प्रमुख चौराहों की सुंदरता को और भी निखारने का काम अब जिला प्रशासन करेगा। जीर्णशीर्ण हो चुके चौराहों को जहां विकसित किया जाएगा। वहीं नक्काशीदार पत्थरों से भी उसको नया लुक प्रदान करने काम होगा, जिससे लहुरीकाशी के मुख्यालय पहुंचने वाले बाहरी लोगों को सुखद एहसास का अनुभव हो सके। कलेक्ट्रेट तिराहे का जिला प्रशासन की ओर से स्वयं ही सुंदरीकरण कराया जाएगा। जबकि अन्य चौराहों के सुंदरीकरण को लेकर स्वयंसेवा संगठनों से भी मदद ली जाएगी, जिससे उसको विकसित किया जा सके। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से चिन्हित किया जा रहा है। पूर्व में बने जिन चौराहों की सूरत बिगड़ चुकी है, उनकी भी मरम्मत कराकर उन्हें दुरुस्त कराने का कार्य किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट तिराहे का जल्द ही सुंदरीकरण होगा। इसके अलावा नगर के प्रमुख चौराहों को विकसित कर एक बेहतर रूप प्रदान किया जाएगा। चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
- एमपी सिंह, डीएम