दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी में स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल के शिक्षक ने बुधवार को अंग्रेजी का होमवर्क पूरा न करने पर आठ वर्षीय छात्र आदित्य को मुर्गा बनाकर उसकी बुरी तरह से पिटाई की। छात्र के शरीर पर पिटाई के दाग उभर आए हैं। छात्र के अभिभावक ने शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सिखड़ी निवासी छात्र आदित्य पुत्र रामनारायण यादव गांव में स्थित एक पब्लिक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता है। छात्र के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार को स्कूल के प्रिंसिपल ने अंग्रेजी का होमवर्क पूरा नहीं होने पर आदित्य को मुर्गा बनाया और बांस की छड़ी से उसकी पिटाई की। इसमें एक अध्यापक ने भी प्रिंसिपल का साथ दिया। आदित्य तेज बुखार व दर्द से कराहते हुए घर पहुंचा।
बुधवार को छात्र के परिवारवालों ने इसकी सूचना जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण दूबे को दी। मामला थाने में पहुंचा। थाना प्रभारी ने पुलिस संरक्षण में छात्र का मेडिकल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मागतपुर में कराया। थानाध्यक्ष दुल्लहपुर गयासुद्दीन ने बताया कि छात्र के पिता राम नारायण यादव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ धारा 303, 504 के तहत केस दर्ज किया है।