जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रेवतीपुर के चिकित्साधीक्षक मनीष कुमार का एक माह का वेतन रोकने का निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया है। शुक्रवार की देर शाम शहर के रायफल क्लब सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की हुई बैठक में अनुपस्थित रहने के साथ प्रगति रिपोर्ट ठीक न होने पर अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही डीएम ने जमानिया चिकित्साधीक्षक की जमकर क्लास ली और कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं हर हाल में मुहैया होनी चाहिए। साथ ही शासन की ओर से चल रही कल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ उन्हें मिलनी चाहिए। अगर इसमें कोई लापरवाही होती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मदर चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम पोर्टल कार्यक्रम में जनपद को प्रदेश में मिले 20 वें स्थान पा संतोष जताते हुए और बेहतर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं और जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान समय से करना सुनिश्चि करें। साथ ही डिस्ट्रिक्ट हेल्थ एक्शन प्लान वर्ष 2016-17 के लिए 45 करोड़ 77 लाख का बजट जिलाधिकारी की ओर से स्वीकृत किया गया। इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ, एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा, डॉ. केके वर्मा, डॉ. एके सिन्हा आदि मौजूद रहे।