गाजीपुर। अर्णब चक्रवात का असर जनपद के मौसम पर बुधवार को साफ दिखा। सुबह से लेकर शाम तक पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। भगवान भाष्कर का दर्शन न होने के कारण मौसम खुशनुमा बना रहा। दोपहर व शाम के समय एक-दो पल के लिए इक्का-दुक्का बूंदाबांदी हुई। अर्णब चक्रवात को लेकर जनपद में 31 अक्तूबर तक अलर्ट जारी किया गया है। इसको लेकर 31 अक्तूबर तक लोग सचेत हैं। पहले दिन इसका असर जनपद के मौसम के मिजाज पर देखने को मिला। पूरे दिन आसमान में बादलों का बसेरा रहा। बादलों की मौजूदगी देखकर लोगों की लगा कि शायद बारिश होगी। लेकिन, न तो तेज हवा चली और न ही बारिश हुई।
बारिश न होने से सबसे अधिक राहत किसानों ने ली। खेतों में जिन किसानों की फसल खड़ी है, वह बारिश को लेकर संशकित हैं। उनका मानना है कि अगर बारिश हो जाएगी, तो नुकसान होना तय है। वहीं आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि अर्णब चक्रवात को लेकर जनपद में 28 से 31 अक्तूबर तक अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। इसलिए इस दौरान सुरक्षित रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए।