मृतक शुभम पांडे की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
दुल्लहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मटुकपुर गांव के पास रविवार की शाम कक्षा 11 के छात्र शुभम पांडेय (19) ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब में मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त की। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शुभम पांडेय निवासी खड़ौरा शाम को करीब 5 बजे घर से बाइक लेकर बाल-दाढ़ी बनवाने निकला था। अमारी रेलवे फाटक पर अपनी बाइक खड़ी की और पैदल ट्रैक के सहारे जखनिया की ओर बढ़ने लगा। बताया कि मटुकपुर गांव से लगभग आधा किलोमीटर आगे जखनिया से मऊ की ओर जा रही ट्रेन के सामने वह कूद गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
मृतक के बड़े पिता राजेश पांडेय ने बताया कि शुभम दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह दुल्लहपुर जय सतगुरु देव जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। उसके पिता मनोज पांडेय ने बताया कि शुभम कई दिनों से मानसिक तनाव से परेशान था। उसका इलाज चल रहा था। घटना की जानकारी पाकर परिवार में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी बदहवास हो गईं।
-