गाजीपुर। ‘अमर उजाला’ अखबार ने नगर और कस्बों में बढ़ते अतिक्रमण के विरोध में अभियान चलाया है। अभियान शुरू हुए अभी चार दिन हुए कि इसका असर भी दिखाई देने लगा है। जिला प्रशासन तथा नगर पालिका प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार की शाम जिला प्रशासन हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी सदर सत्यप्रिय सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने शहर के मिश्रबाजार एवं महुआबाग में दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अभियान के चलते संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मची रही।
शहर के साथ ही जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या गहराती जा रही है। प्रमुख मार्गों की पटरियों पर स्थाई एवं अस्थाई दुकानदारों की ओर से कब्जा कर लिया गया है। इसके चलते सड़कें संकरी हो गई हैं। अतिक्रमण की वजह से नागरिकों की ओर से आपत्ति करने पर दुकानदार नोकझोंक पर उतारू हो जाते हैं। दिन पर दिन जी का जंजाल बनती जा रही इस समं्या को गंभीरता से लेते हुए अमर उजाला की ओर से नागरिकों के हित को ध्यान में रखते हुए पिछले कई दिनों से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए खबर प्रकाशित की जा रही है। अतिक्रमण के शिकंजे में कसता जा रहा शहर शीर्षक से 29 जून को पृष्ठ संख्या-दो पर प्रकाशित खबर को लेकर प्रशासन आज शाम हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी सदर सत्यप्रिय सिंह के नेतृत्व में पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी उमेशचंद्र, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली की देखरेख में शहर के महुआबाग एवं मिश्रबाजार में अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को देख अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गई। इस दौरान प्रमुख मार्ग एवं पटरियों पर खड़े ठेला-खोमचे वालों को हटाने के साथ ही बेतरतीब लगे होर्डिंग-बोर्डों को हटवाया गया। संबंधित जगहों पर अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसडीएम श्री सिंह ने हिदायत दिया कि अतिक्रमण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान चलता रहेगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।