गाजीपुर। अमृत भारत योजना के तहत सिटी रेलवे स्टेशन पर एक वर्ष से अधिक समय से सुंदरीकरण, विकास कार्य और यात्री सुविधाओं का कार्य चल रहा है। लेकिन, सुंदरीकरण के कार्य की रफ्तार काफी धीमी है। मनमाने तरीके से हो रहे कार्य के कारण यह प्रोजेक्ट लेटलतीफी का शिकार हो गया है। इसलिए आज भी सिटी रेलवे स्टेशन को विकास के अमृत का इंतजार है।
अमृत भारत योजना के तहत 16.63 करोड़ रुपये की धनराशि से सिटी रेलवे स्टेशन के विकास के विभिन्न कार्य चल रहे हैं। यह प्रोजेक्ट वर्ष 2024 के 30 अप्रैल को ही पूरा होने वाला था। लेकिन, अब तक परियोजना पूरी नहीं हो पाई है। इसके कारण प्रोजेक्ट की मॉनीटरिंग करने वाले अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अमृत भारत योजना प्रोजेक्ट कब तक पूरा हो जाएगा, यह बताने वाला कोई नहीं है। इसके कारण रेलवे यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। निर्माण कार्य में मनमानी इस तरह से किया जा रहा है कि प्लेटफाॅर्म एक एक पर निर्माण कार्यों से निकले मलबे का ढेर लगा दिया गया है।