मरदह। समग्र बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं को परखने के लिए शनिवार को चार सदस्यीय टीम ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता की जांच की गई। कक्षा एक और दो के छात्रों से भाषा, गणित और लाइब्रेरी के बारे में पूछा गया। साथ ही साफ-सफाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
टीम के सदस्यों ने कहा कि जहां साफ-सफाई होती है, वहीं मां सरस्वती का वास होता है। अधिकारियों ने बच्चों से सामान्य ज्ञान के भी सवाल पूछे। विद्यालय में सरकार की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं की जांच की गई। जांच के दौरान टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आए। टीम की ओर से विद्यालय के विज्ञान लैब, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, लर्निंग बाय डूइंग लैब, मीना मंच, कॅरिअर कॉर्नर व निपुण कक्षा एक व दो के अतिरिक्त सभी कक्षाओं में विद्यार्थियों की गतिविधियां देखी।
विद्यालय में गठित विभिन्न क्लबों की गतिविधियों को भी देखा। टीम सोमवार को भी शिक्षाक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भ्रमण कर क्रियान्वित योजनाओं को परखेगी और रिपोर्ट राज्य परियोजना कार्यालय को सौंपेंगी। इस मौके पर बीईओ राजीव यादव, प्रभांस कुमार, प्रधानाध्यापिका सत्यवती मौर्य, माया सिंह, रविंद्र मौर्य आदि मौजूद रहे।