गाजीपुर/औड़िहार। क्रिसमस का पर्व 25 दिसंबर को है। इसकी तैयारियों में मसीही समाज जोरशोर से जुटा हुआ है। ऐसे में केक बाजार में रौनक आ गई है।
पर्व को लेकर लोग केक का ऑर्डर दे रहे हैं। सबसे अधिक क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉज, स्टार व बच्चों के कॉर्टून वाले डिजाइनों के केक के ऑर्डर दिए जा रहे हैं।
व्यवसायी सोनू ने बताया कि क्रिसमस मसीही समाज का महत्वपूर्ण त्योहार है। इसके आने में कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में मसीही समाज तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। इसी कड़ी में केक के ऑर्डर भी दिए जा रहे हैं। अब लोग सीधा केक की खरीदारी करना पसंद नहीं करते हैं, बल्कि वह अपनी पसंद के डिजाइनों के केक की खरीदारी के लिए ऑर्डर देते हैं। क्रिसमस को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण बाजारों में केक के बाजार सजे हुए हैं। नगर के लालदरवाजा, महुआबाग, स्टेशन रोड समेत ग्रामीण अंचलों के महराजगंज, नंदगंज, सैदपुर, जखनिया, हंसराजपुर, दुल्लहपुर, भदौरा, रेवतीपुर, गहमर, दिलदारनगर, जमानिया, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, मरदह, जंगीपुर आदि जगहों पर केक बाजार सज चुका है। आलमारियों में विभिन्न रंगों व डिजाइनों में केक सजे हुए नजर आ रहे हैं। नगर के केक व्यवसायी सोनू व सैदपुर के अरविंद जायसवाल ने बताया कि अभी तक छोटे-बड़े साइज के करीब 30 केक के ऑर्डर मिले हैं। रोजाना करीब पांच से छह ऑर्डर आ रहे हैं। चॉकलेट, ब्लैक फॉरेस्ट, रेड वेलवेट, प्लम केक, मिक्स फ्रूट और ड्राई फ्रूट केक की मांग सबसे ज्यादा है।