गाजीपुर। जिले में क्रिसमस-डे सोमवार को उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च और तुलसीसागर स्थित पुराने चर्च में सजी झांकियों को देखने के लिए ईसाई समुदाय सहित अन्य समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ी। लूर्द माता चर्च में सुबह से लेकर शाम तक चहल-पहल रही। क्रिसमस-डे को लेकर मसीही समुदाय में पिछले कई दिनों से जबरदस्त उत्साह था। लोग क्रिसमस-डे (बड़ा दिन) की तैयारी में जुटे हुए थे। एक तरफ जहां चर्चों की साफ-सफाई और झांकियों को सजाने का कार्य चल रहा था, वहीं घरों में पर्व की तैयारी की जा रही थी।सोमवार की सुबह चर्च में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। पुराने चर्च में फादर एम डेनियल ने प्रभु यीशु के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने को कहा।
शहर के सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च और तुलसीसागर स्थित पुराने चर्च में प्रभु यीशु से संबंधित झांकियां सजाई गई थी। सबसे अधिक लूर्द माता चर्च परिसर में सजाई गई थी। इन झांकियों में प्रभु यीशु की ओर से लोगों को उपदेश देने के साथ ही उनके जीवन से संबंधित दर्जनों झांकियां सजाई गई थी। इस चर्च में दिन भर भीड़ बनी रही। स्थिति यह थी कि जितने लोग झांकियों को देखने के बाद बाहर निकल रहे थे, उतने ही लोग चर्च परिसर में प्रवेश कर रहे थे। भीड़ को देखते हुए एक गेट से प्रवेश और दूसरे गेट से निकासी की व्यवस्था की गई थी।
बार-बार एनाउंसमेंट भी किया जाता रहा। सुबह दस बजे के बाद झांकियों को देखने के लिए लोगों के आने का जो क्रम शुरू हुआ, वह शाम तक जारी रहा। पुराने चर्च में प्रार्थना सभा में अजय माइकल (बाबी), तिमोथी दास, चंद्रशेखर, अंजली कदम, संगीता, अंजली लाल, हैप्पी, मोंटी, राज, बिट्टू आदि उपस्थित थे।
-
समुदाय के लोग एक-दूसरे को देते रहे बधाई
गाजीपुर। मसीही समुदाय के लोगों में क्रिसमस-डे को लेकर गजब का उत्साह था। सुबह तुलसीसागर स्थित पुराने चर्च और सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च सहित ग्रामीण क्षेत्र के चर्चों में प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इसमें समुदाय के महिला-पुरुषों के साथ ही बच्चों ने भाग लिया। प्रार्थना सभा होने के बाद समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी।
-
घरों में बने स्वादिष्ट व्यंजन
गाजीपुर। मसीही समुदाय के लोग क्रिसमस-डे उत्साह के साथ मनाते हैं। पर्व पर एक तरफ जहां बच्चों के साथ ही वयस्कों पुरुष-महिलाएं नए वस्त्र धारण करते हैं, वहीं घरों में मेहमान नवाजी के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। इन व्यंजनों में खासकर केक जरूर शामिल रहता है। पूरे दिन समुदाय के लोगों के एक-दूसरे के घरों पर जाकर पर्व की बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान लोगों ने केक के साथ ही इन स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा।
-
सेल्फी लेने की मची रही होड़
गाजीपुर। लूर्द माता चर्च में सजी झांकियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस भीड़ में युवक-युवतियों और बच्चों की संख्या अधिक रही। जिन लोगों के पास कैमरायुक्त मोबाइल था, वह झांकियों की फोटो उसमें कैद करने में लगे रहे। इसके साथ ही युवतियां समूह और झांकियों के साथ खड़े होकर सेल्फी लेने में लगी रहीं। इस दौरान व्यवस्था में लगे लोग सेल्फी लेने वालों को झांकियों के पास से हटाते रहे कि अन्य लोगों को परेशानी न हो।
ग्राहकों से गुलजार रही चाट-चाउमीन की दुकानें
गाजीपुर। लूर्द माता चर्च के बाहर चाट-चाउमीन, बर्गर, समोसा, केक-पेस्ट्री सहित श्रृंगार, खिलौना, झूला आदि की दुकानें लगाई गई थी। झांकियों को देखने के बाद लोगों ने विभिन्न सामानों की जमकर खरीददारी की। खासकर चाट-चाउमीन की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रही। महिलाओं, युवतियों के साथ ही बच्चों ने चटपटे व्यंजनों का स्वाद लिया।