हर के बंधवा स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘अनुरोध उत्सव’ गुरुवार की शाम से देर रात तक उमंग और उत्साह से मनाया गया। इस मौके पर मुुख्य अतिथि डीएम नरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षा तीन प्रकार से दी जाती है। तन की शिक्षा, मन की शिक्षा और मस्तिष्क की शिक्षा। यह तीनों इस स्कूल में दी जा रही है, यह बेहद लाभप्रद है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में माउंट लिट्रा जी जिस प्रकार से प्रयासरत है, उससे बच्चों को अवश्य लाभ मिलेगा। विशिष्टि अतिथि पुलिस अधीक्षक डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव और पंजाब नेशनल बैंक के चीफ मैनेजर पीसी उपाध्याय ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है।
विद्यालय के डायरेक्टर मोहित श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। कहा कि शिक्षा की सार्वभौमिकता को बढ़ावा देने, शिक्षा की उत्कृष्ट प्रणाली, नवीन शैक्षिक पद्धति, बच्चों के चहुंमुखी विकास में माउंट लिट्रा जी स्कूल पूरी तरह से कामयाब है। सीनियर केजी के छात्र पार्थ और देवांश तथा कक्षा 8 की श्रुति राय ने स्कूल के शैक्षिक तथा शैक्षिक सहगामी क्रिया-कलापों के बारे में बताया।
प्रधानाचार्या अंजुला रतन ने विद्यालय की पूरी क्रिया विधि, शिक्षण योजना को प्रस्तुत किया। इससे पहले पेशावर घटना के लिए दो मिनट का मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया।
माउंट लिट्रा जी स्कूल का वार्षिकोत्सव अनुरोध उत्सव में छात्र-छात्राओं की तरफ से तरह-तरह के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उनकी ओर से प्रस्तुत मार्मिक, हृदयस्पर्शी और जोशीले कार्यक्रमों की प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम की शुरूआम स्वागत गीत से हुई।
इसके बाद स्वर संध्या, राजस्थान का रंगीला डांस, महाराष्ट्र का मराठी नृत्य, वेस्टर्न रेडियम डांस, पूरब-पश्चिम, केजी फैशन-शो, केजी धमाल, फिनाले फ्यूजन, ऐरा टू ऐरा, अलबेला, वाका-वाका, माइकल जैक्सन, धूम, जोकर डांस, विघ्न हरता अभियान ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। केदारनाथ धाम त्रासदी का नजारा हृदय स्पर्शी रहा।