गाजीपुर। जिले भर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की धूम मची रही। सभी विकास खंडों पर बस विवाह के मंत्रोच्चार गूंज रहे थे। जिले में कुल 530 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। सदर ब्लाक पर प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने इसका शुभारंभ किया तथा वर-वधू के 52 जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस योजना के तहत शादी अनुदान 35 हजार से बढ़ाकर 51 हजार कर दिया गया है। इस अनुदान राशि से प्रत्येक जोड़ों से छह हजार रुपया खाना - नाश्ता एवं विवाह व्यवस्था का, 35 हजार रुपए दुल्हन के खाते में और 10 हजार रुपये का कपड़ा गहना समान आदि दिया गया। जिसमें लड़की की शादी का पूरा कपड़े का सेट, चांदी की पायल, बिछिया, बर्तन सेट आदि शामिल है।
सदर ब्लाक पर कुल 53 जोड़ों की शादी होनी थी, जिसमें से 52 जोड़ों का विवाह कराया गया।
रेवतीपुर संवाददाता के अनुसार, नेहरू विद्यापीठ इंटर कालेज के परिसर में सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रेवतीपुर, भदौरा ब्लाक सहित कुल 101 जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें पांच मुस्लिम जोड़ों का मौलवी ने निकाह कराया। पांच मुस्लिम जोड़े का विवाह मौलवी मोहम्मद यूसुफ ने निकाह संपन्न कराया। भांवरकोल संवाददाता के अनुसार, यहां कुल 52 जोड़े एक दूजे के हुए। इसमें मुस्लिम वर्ग के चार जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ। औड़िहार संवाददाता के अनुसार, सैदपुर ब्लाक मुख्यालय पर गुरुवार को 15 जोड़ों की शादी हुई। इसमें छह जोड़े मुस्लिम तथा नौ जोड़े हिंदू वर्ग के रहे।
देवकली संवाददाता के अनुसार, हनुमान सिंह इंटर कालेज देवकली परिसर में 51 जोड़ों की शादी हुई। इसमें दो जोड़े मुस्लिम समाज के शामिल रहे। करंडा ब्लाक के 20 जोड़ें शामिल हुए। बिरनो संवाददाता के अनुसार, कस्तूरबा गांधी विद्यालय के मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत 105 जोड़ों की सामूहिक शादी धर्म और रीति-रिवाज से संपन हुआ। शादी समारोह में पांच मुस्लिम जोडों का निकाह भी हुआ। जमानिया संवाददाता के अनुसार, नगरपालिका परिषद स्थित एक लान में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत 58 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम संपंन हुआ। इसमें 54 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ और चार मुस्लिम जोड़ो का निकाह मौलवी ने पढ़ाकर संपन्न कराई। मनिहारी संवाददाता के अनुसार, कुल 60 जोड़ों की शादी की कराई गई। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीबों के घर में उजाला प्रदान करने वाली योजना है। उक्त बातें राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी आनंद स्वरूप शुक्ला ने गुरुवार को नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह योजना शिविर में 51 वर- वधू को उपहार एवं आशीर्वाद देते हुए कही।
दुल्हन ने किया शादी से इंकार
गाजीपुर। सदर ब्लाक पर गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत होने वाली शादी में एक लड़की द्वारा सिंदूरदान के एन मौके पर ही शादी से इनकार कर दिया गया। इससे वर पक्ष सकते में आ गया। कन्या ने कहा कि मुझे लड़का पसंद नहीं है। सदर ब्लाक के रसूलपुर कंधवारा निवासी सुरेश बिंद की पुत्री ऋतु और सदर ब्लाक के खिदिराबाद पीथापुर निवासी रामदरश बिंद के पुत्र सुदामा कुमार की शादी हो रही थी। इधर, कासिमाबाद में वैसे तो जिला प्रशासन की तरफ से 51 वर-वधू की शादी का दावा किया गया लेकिन शिविर में वर-वधू को देखकर यह आम चर्चा रही कि इनकी शादियां बहुत पहले हो गई हैं। पैसा और उपहार लेने के लिए वह इस शिविर में आए हैं।