गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को जीआरपी की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। नवरात्र में सिटी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यह कदम उठाया गया। हालांकि चेकिंग के दौरान किसी प्रकार का कोई अवैध समान नहीं मिला। जीआरपी प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि सबसे पहले सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर यात्रियों के समानों की जांच की गई। यात्री प्रतीक्षालय में भी टीम पहुंची। जीआरपी की टीम सिटी रेलवे स्टेशन के परिसर में भी पहुंची। इसके बाद फुट ओवरब्रिज, प्लेटफाॅर्म नंबर दो, तीन, चार व पांच की भी चेकिंग की गई।
सिटी रेलवे स्टेशन पर चले चेकिंग अभियान के कारण यात्रियों में कौतूहल रहा। सुरक्षा को लेकर यात्रियों को जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी लावारिस समान को हाथ न लगाए। इसकी जानकारी जीआरपी को दे। साथ ही किसी अनजान की ओर से दिए गए खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर रेलवे सुरक्षा बलों से संपर्क करें। जागरूकता ही सुरक्षा की गारंटी है। सिटी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।