जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया। कारागार में लगाए सीसीटीवी की संचालन व्यवस्था की जांच की।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डाॅ. ईरज राजा ने कारागार चिकित्सालय में भर्ती कैदियों से बीमारियों के संबंध में पूछा और उनके खानपान एवं साफसफाई की जानकारी ली। कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर की जांच की। इसके बाद बारी-बारी से सभी बैरकों का निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी के दिनांक को चेक किया। कारागार में रसोई घर के निरीक्षण में प्रत्येक दिन बनने वाले भोजन के मेन्यू की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल एवं अन्य उपकरण का प्रवेश न होने पाए। इसलिए रोस्टर बनाकर चेकिंग अभियान चलाकर चेक किया जाए। इसके अतिरिक्त महिला बंदीगृह में दी जा रही सुविधाओं के बाबत जानकारी ली। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व आयुष चौधरी, एसपी सिटी माैजूद थे।