नेशनल इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित अमर शहीद शशांक सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को किया गया। इसका उद्घाटन पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच चंदौली एवं बक्सर के बीच खेला गया। चंदौली ने बक्सर को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हरा दिया।
बक्सर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चंदौली की टीम 19.4 ओवर में 153 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें आशुतोष ने 31, शुभम 28 और शोजेब हुसैन ने 18 रन बनाए। बक्सर की तरफ से अमित ने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी बक्सर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। टीम की तरफ से दीपक दूबे ने सबसे ज्यादा 37 तथा शमीम अंसारी ने 20 रन बनाए। चंदौली की तरफ से कप्तान शोजेब हुसैन ने तीन विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए शोजेब हुसैन को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर बृजभान सिंह बघेल, रविंद्र यादव, मनोज यादव, महफूज अंसारी, सुरेंद्र यादव, सुनील गुप्ता, अजय यादव, विमलेश तिवारी, राहुल वर्मा आदि मौजूद थे। कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि रविवार को मोतिहारी एवं वाराणसी के बीच मैच खेला जाएगा।