दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त जीप
- फोटो : amar ujala
मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के हरिबल्लमपुर गांव के पास शुक्रवार की भोर में खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार सफारी घुस गई। इस घटना में मुहम्मदाबाद की पूर्व ब्लाक प्रमुख चंदा यादव सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी पूर्व प्रमुख चंदा यादव कुछ लोगों के साथ सफारी गाड़ी से निमंत्रण में वाराणसी गई थीं। वहां से देर रात वापस लौटते समय हरिबल्लमपुर गांव के सामने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में सफारी ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सफारी का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
सफारी में बैठी पूर्व प्रमुख चंदा यादव, उनके पति राजेन्द्र यादव, रसोइया संघ की अध्यक्ष सुगंती देवी, जितेन्द्र यादव, चालक शिवमंगल कुशवाहा घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की वहां भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केके मिश्र के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद स्थानीय लोग सभी घायलों को जिला अस्पताल ले आए। जानकारी होने पर मुहम्मदाबाद के विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी के प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के तमाम लोग जिला अस्पताल पहुंचे। पूर्व प्रमुख के चेहरे पर गंभीर चोट आई है।