गाजीपुर। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन कक्षा 10वीं के छात्रों की गणित विषय की परीक्षा एक पाली में कराई गई। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के विभिन्न केंद्रों पर कुल 65 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कई छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और आसान बताया, जबकि कुछ ने इसे मध्यम स्तर का माना। अधिकांश छात्रों के चेहरे खिले नजर आए। जिले में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं।
इन केंद्रों पर यह रही उपस्थिति : शहर के शाहफैज पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. इकरामुल हक ने बताया कि उनके केंद्र पर 484 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 5 अनुपस्थित रहे और 479 ने परीक्षा दी।
एमजेआरपी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एस कुशवाहा के अनुसार कुल 528 में एक अनुपस्थित रहा और 527 उपस्थित रहे। माउंट लिट्राजी स्कूल के नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि 559 में 14 अनुपस्थित तथा 545 उपस्थित थे। स्कालर एकेडमी के केंद्र अधीक्षक सीताराम भारद्वाज ने बताया कि 555 में दो छात्र परीक्षा में नहीं आए, जबकि 553 उपस्थित रहे। संवाद