जमानिया। तलाशपुर मोड़ स्थित एनएच 24 पर मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से निजी विद्यालय के शिक्षक आशुतोष राय (28) की मौत हो गई। वह माता- पिता के इकलौते पुत्र थे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। हादसे से नाराज ग्रामीणों व परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। हालांकि चंदौला जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र में आने से चंदौली के तहसीलदार और सीओ ने समझाबुझाकर दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। चंदौली जनपद के ककरैत गांव निवासी अजय राय ने बताया कि पुत्र आशुतोष राय जमानिया बरुइन स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत थे। सुबह वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। तलाशपुर मोड़ के पास अनियंत्रित डंपर ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में पुत्र की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह आठ बजे मार्ग जाम कर दिया। जानकारी होने पर चंदौली के सदर सीओ और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। करीब दो घंटे सुबह 10 बजे जाम समाप्त हुआ।