भदौरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ट्रेन से महिला का पर्स लेकर भाग रहे एक उचक्के को यात्रियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। जिसे जीआरपी को सुपुर्द कर दिया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेल खंड के भदौरा रेलवे स्टेशन पर ईएमयू सवारी गाड़ी से एक महिला बक्सर से जमानिया के लिए यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान उसके पर्स पर नजर गड़ाए एक उचक्का झपट्टा मार महिला का पर्स लेकर भदौरा रेलवे स्टेशन पर उतरकर भागने लगा। यात्रियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों ने जीआरपी दिलदारनगर को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे जीआरपी चौकी इंचार्ज प्रवेश कुमार ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। महिला के पर्स में करीब 26000 रुपये नगदी और हजारों रुपये के आभूषण थे। दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।