करंडा/औड़िहार। जिले के तीस परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को डीएलएड 2017 एवं 2018 प्रथम सेमेस्टर अवशेष-अनुत्तीर्ण वर्ष 2022 के परीक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित हुई। इंटर कालेज करंडा में चेकिंग के दौरान दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक मुन्नाभाई को स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने पकड़ लिया। उसके खिलाफ थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2018 में कुल पंजीकृत 390 में 328 परीक्षार्थी उपस्थित थे। इस परीक्षा में 62 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2021 में कुल पंजीकृत 22375 परीक्षार्थियों में 19884 परीक्षार्थी उपस्थित थे। इस परीक्षा में भी 2493 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डायट के प्राचार्य उप निदेशक सोमारू प्रधान के नेतृत्व में सचल दल ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैदपुर सहित कई केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।