प्रभारी जिलाधिकारी मुरलीधर मिश्र और पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण के नेतृत्व में विभिन्न थानों की फोर्स ने रविवार को जिला कारागार में छापा मारा। इस दौरान एक-एक बैरक को खंगाला गया। दो घंटे की तलाशी में पुलिस को कोई आपत्तिजिनक वस्तु तो नहीं मिली लेकिन काजू-किशमिश जरूर मिला।
पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला कारागार में कुछ बंदी मोबाइल का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ बैरकों में आपत्तिजनक वस्तु होने की बात पता चली। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी प्रभारी जिलाधिकारी-एडीएम मुरलीधर मिश्र को देते हुए जिला कारागार धमक पड़े। उनके साथ सदर उपजिलाधिकारी एके सिंह, जमानिया के एसडीएम कैलाश सिंह के साथ दस थानों की फोर्स पहंच गई। उनके पहुंचते ही कारागार में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद कारागार के विभिन्न बैरकों को गहनता के साथ खंगाला गया। दो घंटे तक की गई बैरकों की जांच के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। हालांकि तलाशी में काजू-किशमिश जरूर मिला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जेल में तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। चार दिन पहले जेलर उमेश त्रिवेदी ने जेल में तलाशी के दौरान छह मोबाइल बरामद किया गया था जिसे नष्ट कर दिया गया था। छापेमारी में कोतवाली, करंडा, नंदगंज, जंगीपुर आदि दस थानों की पुलिस शामिल थी।