कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के परजीपाह गांव में शनिवार की रात डकैतों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया। परिवार के मुखिया की कनपटी पर तमंचा रखकर अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर दो लाख के जेवरात के साथ ही 30 हजार नगदी लेकर फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
क्षेत्र के परजीपाह गांव निवासी दीनानाथ राम की मानें तो रोज की तरह शनिवार की रात भी खाना खाने के बाद उनका परिवार सो गया। वह बाहर बारामदे में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े 12 बजे आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाश आए और उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर दरवाजा खोलने को कहा, जो अंदर से बंद था। भयवश मैने अंदर सो रहे बेटे वास्कोडिगामा को आवाज देकर दरवाजा खोलने को कहा। जैसे ही बेटे ने दरवाजा खोला, बदमाशों ने तमंचा से आतंकित करते हुए परिवार के सभी को एक कमरे में ले जाकर बाहर से बंद कर दिया। हम लोग अंदर से चिल्लाते रहे, लेकिन ज ब किसी ने भी आवाज नहीं सुनी और दरवाजा नहीं खोला तो मोबाइल से घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर बाहर निकाला। हम लोग दूसरे कमरे में गए तो देखा कि डकैत आलमारी का तोड़कर उसमें रखा करीब दो लाख का सोने-चांदी का जेवरात और 30 हजार नगदी गायब कर चुके थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि डकैती नहीं, चोरी का प्रकरण है। मामले की जांच-पड़ताल कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।