अल्ट्रासाउंड की दुकान पर छापामारी
स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की टीम की ओर से चार दिन पहले मुहम्मदाबाद बस स्टैंड के पास स्थित निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया गया। सील की कार्रवाई होने के ठीक दूसरे दिन संचालक ने अवैध रूप से केंद्र का सील तोड़कर अल्ट्रासाउंड का कार्य प्रारंभ कर दिया।
इसकी जानकारी होते ही सोमवार को एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोतवाली में संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन सीज कर कब्जे में लेने की तैयारी शुरू कर दी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डॉ. गिरीश चंद्र मौर्या और एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा के नेतृत्व में बीते 28 जुलाई को मुहम्मदाबाद ब्लाक पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों और जांच केंद्रों की जांच की। मुहम्मदाबाद बस स्टैंड के पास स्थित निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर टीम ने छापेमारी की।
किसी डॉक्टर की तैनाती नहीं पाई गई। साथ ही लिंग परीक्षण की भी शिकायत टीम को मिली। टीम ने केंद्र को सील कर दिया। दूसरे दिन ही संचालक ने सील तोड़कर केंद्र शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर एसीएमओ के नेतृत्व में टीम मुहम्मदाबाद पहुंची और अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक पर रिपोर्ट दर्ज कराकर मशीन को सीज करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि केंद्र संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मशीन को कब्जे में लेने की तैयारी शुरू कर दी गई है।