गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के टोडरपुर गांव में ससुराल के मकान में रहने के विवाद में हुई फायरिंग में घायल साला और पड़ोसी के मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा समेत पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
पेट में दो गोलियां लगने से घायल साला का उपचार ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में चल रहा है। वहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं घायल पड़ोसी खतरे से बाहर बताया जा रहा है। बुधवार की देर शाम घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जीजा सहित तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
टोडरपुर निवासी लीलावती यादव पुत्र रामबाबू यादव और राहुल यादव के साथ में रहती हैं। उनके मकान में उनकी विवाहित पुत्री अंबालिका यादव भी आकर रहती हैं। तीन माह से अंबालिका के पति करंडा निवासी दिनेश यादव उर्फ बबलू भी आकर रहने लगे थे। रामबाबू यादव इसका विरोध करने लगे। इस बात पर दोनों के कहासुनी हो गई।
आरोप है कि दिनेश यादव ने फोन कर अपने सहयोगियों को बुला लिया, जिन्होंने आकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान रामबाबू यादव (32) के पेट में दो गोलियां लगीं, जो अंदर फंसी हुई थी। बीचबचाव करने पहुंचे पड़ोसी पीयूष यादव (26) के हाथ में भी एक गोली लग गई थी। रामबाबू को परिजन वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए थे। वहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
घायल का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं बीचबचान के दौरान घायल पीयूष यादव खतरे से बाहर है।
सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि घायल रामबाबू यादव की पत्नी सोनम यादव की तहरीर पर आरोपी जीजा दिनेश यादव उर्फ बबलू, भुटकुन यादव, रोहित यादव नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।