मनिहारी। शादियाबाद पुलिस ने मंगलवार की देर रात हंसराजपुर के निर्वतमान ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र गुप्ता सहित 14 लोगों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता, महामारी एवं धारा-144 के उल्लंघन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हंसराजपुर के निवर्तमान ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र गुप्ता अपने घर पर देर रात सैकड़ों लोगों को दावत दे रहे थे। पार्टी चल ही रही थी कि किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। कई लोग पत्तल गिलास लेकर इधर-उधर भागने लगे। वीडियो रिकार्डिंग कर पुलिस कुछ लोगों को पकड़ कर थाने लाई, लेकिन दूसरे दिन फोन आने के बाद दोपहर में पुलिस ने सभी लोगों को छोड़ दिया। हंसराजपुर चौकी प्रभारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और नामांकन रद्द करने के लिए निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।