वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक दानापुर दिलीप कुमार ने मंगलवार को स्थानीय जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर लगे पैनल सिस्टम कंट्रोल को लेकर स्टेशन मास्टर को निर्देश दिया। इसके अलावा बीते दिनों रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की ओर पटना से वाराणसी के बीच चलाई गई ईएमयू सवारी गाड़ी के वाराणसी तक न चलने के संबंध में बताया कि वाराणसी के यार्ड में इंटरलाकिंग का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद सवारी गाड़ी का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा दिलदारनगर से ताड़ीघाट को जाने वाली सवारी गाड़ी के लिए दिलदारनगर में नया प्लेटफार्म बनाने के संबंध में रूप-रेखा तैयार की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टरों की कमी दूर कर दी जाएगी। दिलदारनगर में कई अन्य विकास एवं यात्री सुविधाओं के कार्य बाकी है, जिन्हें आने वाले दिनों ने कराया जाना है। ओवरब्रिज का और विस्तार किया जाना है। नान इंटरलाकिंग फाटकों को इंटरलाकिंग फाटकों में तब्दील करने का कार्य पूरा किया जाएगा। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार मिश्र, यातायात निरीक्षक उमेश कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। वह श्रमजीवी एक्सप्रेस से यहां आए और दो घंटे के निरीक्षण के बाद वापस दानापुर रवाना हो गए।निरीक्षण्ा के दौरान रेलवे कर्मचारियों में दहशत का माहौल रहा। आम यात्री भी काफी चौकन्ने रहे। लोग दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर बढ़ रही सुविधाओं की भी चर्चा करते रहे।