वाराणसी से माल लेकर कोलकाता जा रहा मालवाहक जहाज शनिवार को गाजीपुर के बच्छल का पुरा गंगा तट पर दो घंटे तक रुका रहा। पीपा खोलकर उसे पार कराया गया, तब तक पुल पर आवागमन बंद रहा।
पिछले रविवार को पटना की तरफ से खाली लालबहादुर शास्त्री कार्गो मालवाहक जहाज वाराणसी गया था। इसमें माल लोड होने के बाद वहां से पायलट अखिलेश कुमार इसे लेकर वाराणसी से पटना होकर कोलकाता जा रहे थे। मुहम्मदाबाद क्षेत्र के बच्छल का पुरा गंगा तट पर जहाज सुबह 11 बजे पहुंच कर दो घंटे तक पीपा पुल के पास खड़ा रहा।
इसके बाद छह पीपे खोलकर रास्ता बनाकर जहाज को पार कराया गया। मालवाहक जहाज के आने के कारण पीपा पुल पर दिन में 11 बजे से एक बजे तक आवागमन ठप रहा। इस कारण पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
लोगों का कहना है कि पहले कटान के चलते आए दिन पुल बंद हो जाता था। अब आए दिन कभी मालवाहक तो कभी पर्यटक और सर्वे जहाज के आने के कारण पुल को खोलना पड़ता है। इस दौरान पुल पर आवागमन बंद रहता है। लोगों ने मांग की कि मालवाहक जहाजों को रात में पार कराया जाए।