यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर परीक्षार्थी असमंजस में
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं को लेकर अभी नहीं आया कोई फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
मौधा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए सरकार ने अभी कोई फैसला नहीं किया है। हालांकि जिस तरह बीते 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कोरोना की समीक्षा बैठक में बोर्ड की परीक्षाओं को 20 मई तक स्थगित करने का फैसला लिया गया था। उसे देखकर तो यही लगता है कि अब 20 मई के बाद ही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर कोई अपडेट मिल सकता है लेकिन कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के कारण सरकार ने जिस तरह सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है उसे देखकर तो यूपी बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारी में लगे छात्रों की स्थिति असमंजस से भर गई है। उनका कहना है कि क्या सीबीएसई बोर्ड की तरह हमारी परीक्षाएं भी रद्द हो जाएंगी। अगर परीक्षाएं हुई भी तो किस तरह से होगी।
इस विषय में करमपुर के लालमुनि इंटर कालेज के प्रधानाचार्य गुरुप्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर बच्चों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसलिए उन्हें अभी फिलहाल सकारात्मक ढंग से बढ़िया तैयारी करने के लिए कहा गया है। बासूचक स्थित मोतीलाल नेहरू इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रामसेवक जायसवाल बताते हैं कि बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थी इस बात को लेकर संशय में हैं कि अगर परीक्षाएं नहीं हुई तो भविष्य में उन्हें किस आधार पर आगे की कक्षाओं में प्रवेश मिलेगा।
0000
कोरोना का संक्रमण तेज हो गया है। परीक्षाएं टाल दी गई हैं। कब होगी बस इसी पर दिमाग लगा रहता है- ज्योति पांडेय
0000
लाकडाउन का दूसरा दौर प्रारंभ है। कब समाप्त होगा और कब परीक्षा होगी। बस इसी बात का दिमाग में टेंशन है- सलोनी पांडेय
0000
आगे की पढ़ाई के लिए कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। अगली कक्षा में कैसे प्रवेश पाएंगे। अब तो बस भगवान का ही सहारा है- चंद्रिका
0000
हम तो भगवान से यहीं प्रार्थना करते हैं कि वह कोरोना जैसी महामारी से छुटकारा दिलाएं ताकि परीक्षाएं शुरु हों- हर्ष वर्मा
(फोटो भी)