आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर शहर की नींद उड़ाने वाले बदमाशों की अब खैर नहीं। पुलिस के साथ ही अब उन पर तीसरी आंख नजर रखेगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन शहर के प्रमुख चौराहे और तिराहे पर सीसी कैमरे लगवा रहा है। योजना के तहत फिलहाल विशेश्वरगंज चौराहे पर चार सीसी कैमरे लगा दिए गए हैं।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहर में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ महीने पहले सकलेनाबाद स्थित यूको बैंक के पास शराब कंपनी के मैनेजर मनोज सिंह की हत्या कर 28 लाख रुपये की लूट की घटना को बदमाशों ने बेखौफ अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं जबकि इस घटना को लेकर लोगों ने प्रदर्शन के साथ ही जिला बंद कराया था।
इससे पूर्व में भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने अपराधियों की नकेल कसने की योजना बनाई है। इसके लिए प्रशासन शहर के प्रमुख स्थानों की निगहबानी के लिए तीसरी आंख की मदद लेगा। सभी चौराहों और तिराहों पर सीसी कैमरा लगवाया जा रहा है।
इस कवायद के तहत चौराहों पर चार तथा तिराहों पर तीन-तीन सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरा लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। विशेश्वरगंज चौराहे पर कैमरा लगा दिए गए हैं। जबकि अन्य तीन जगहों महुआबाग चौराहा, स्टेशन चौराहा तथा लंका तिराहे पर तार लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
कैमरा लग जाने पर संबंधित स्थानों पर किसी अप्रिय वारदात के बाद उसका पर्दाफाश करने में पुलिस को हांफना नहीं पड़ेगा। वारदात करने वाले तीसरी आंख में कैद हो जाएंगे।