जंगीपुर विधानसभा के उपचुनाव का मतदान सोमवार को सकुशल संपन्न हो गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के 46 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया। मतदान समाप्त होने के बाद सात उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। मतदान समाप्त हो जाने के बाद ईवीएम को पीजी कालेज स्थित स्ट्रांगरूम में जमा करने का काम देर शाम तक चलता रहा। मतों की गणना 19 मई को कराई जाएगी।
जंगीपुर विधानसभा के उपचुुनाव का मतदान सोमवार को कराया गया। इस उपचुनाव में सात उम्मीदवार कांग्रेस के शैलेश सिंह, सपा की किस्मती देवी, भाजपा के कुंवर रमेश सिंह, भासपा के दिनेश मौर्य, सत्यदेव, नंदलाल, विजय मैदान में रहे। विधानसभा क्षेत्र में 187935 पुरुष एवं 157733 महिला तथा तीन अन्य सहित तीन लाख 45 हजार 689 मतदाताओं के लिए 211 मतदान केन्द्र और 323 मतदेय स्थल बनाए गए थे। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा चार जोनल पुलिस अधिकारी और इतनी ही संख्या में जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। इसके अलावा 28 माइक्रो आब्जर्वर और 25 सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान की व्यवस्था का जायजा लिया।
सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान की गति अंत तक जोर नहीं पकड़ सकी। मतदान समाप्त होने तक 46 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। संवेदनशील बूथों पर पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ ही पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी बूथों पर चक्रमण करते रहे। पुलिस बूथों के बाहर खड़ी रही। निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक महेन्द्र, जिलाधिकारी संजय खत्री, पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने विधानसभा क्षेत्र के कई मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।