गाजीपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत नई पहल की जा रही है। इसके तहत गांवों को बेहतर आवागमन से जोड़ने के उद्देश्य से छोटी बसों का संचालन शुरू करने की योजना बनाई गई है। प्रस्ताव के अनुसार 15 से 28 सीट क्षमता वाली बसें ग्रामीण मार्गों पर चलाई जाएंगी जिससे गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
योजना के तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो छोटी बसों के संचालन पर विचार किया जा रहा है। इन बसों को उन ग्रामीण मार्गों पर चलाने की योजना है जहां अभी तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है या बहुत सीमित है। इससे गांवों को नजदीकी बाजारों, कस्बों और जिला मुख्यालय से जोड़ने में मदद मिलेगी। स्थानीय डिपो के प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर इसके लिए रूट निर्धारण और संचालन व्यवस्था को लेकर प्रारंभिक मंथन शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों का मानना है कि छोटी बसें होने के कारण ये संकरी और ग्रामीण सड़कों पर भी आसानी से चल सकेंगी, जिससे दूर-दराज के गांवों तक परिवहन सुविधा पहुंचाई जा सकेगी। योजना के लागू होने के बाद ग्रामीणों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के रूट का निर्धारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी करेगी। योजना में 28 सीटर डीजल, सीएनजी एवं इलेक्ट्रिक छोटी बसों को चलाया जाना है। यह बसें सुबह 6 बजे गांव से निकलकर 10 बजे तक जिला मुख्यालय पहुंचेंगी और शाम 4 से 8 बजे के बीच वापस गांव लौटेंगी। इसके लिए निजी भागीदारी के तहत निजी बस संचालकों को अनुबंध पर बसें चलाने की अनुमति होगी।