औड़िहार। सैदपुर कोतवाली के मदारीपुर गांव स्थित शीतला माता मंदिर के पास भोर में चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर वाराणसी- गाजीपुर मार्ग के किनारे दस फीट गड्ढे में पलट गई। हादसे में छह बराती घायल हो गए। उन्हें सीएचसी के डाॅक्टरों ने वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। सोमवार को क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस भेजवाई गई। बस में सवार 50 बाराती बिहार के मुजफ्फरपुर से वाराणसी शादी में शामिल होने जा रहे थे।
बिहार प्रांत के मुजफ्फरपुर से बरात वाराणसी डीएलडब्लू जा रही थी। शादी सोमवार को थी। दूल्हे की गाड़ी दूसरी थी। 50 बरातियों को लेकर बस वाराणसी जा रही थी। मदारीपुर गांव स्थित शीतला माता मंदिर के पास चालक को झपकी आ गई। भोर में करीब पांच बजे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दस फीट गड्ढे में जा पलटी। बरातियों के चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीर और आसपास के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। सभी बरातियों को बस से बाहर निकाला गया। करीब 45 बरातियों को हल्की चोटें आईं। मुजफ्फरपुर निवासी प्रिंस (18), नीरज (23), आसीत (43), आयुष (17), दीपक कुमार (32) और किशन (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी सैदपुर भेजा। वहां डॉक्टरों ने छह घायलों को वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। कुछ बराती घर लौट गए, जबकि कुछ बाराती वाराणसी शादी में शामिल हाेने के लिए निजी संसाधनों से रवाना हो गए। सैदपुर कोतवाल योगेश सिंह ने बताया कि बस पलटने से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है। दोनों पक्षों की ओर से दुर्घटना को लेकर कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।