सुहवल। थाना क्षेत्र के कालूपुर गांव के पास हमीद सेतु के बगल में गाजीपुर से बारा जा रही सवारियों से भरी बस शनिवार की दोपहर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए। इधर चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस चालक और परिचालक की तलाश में जुटी हुई है।
नगर के रौजा से बारा जाने के लिए चालक और परिचालक बस में यात्रियों को बैठाकर रवाना हुए। इस दौरान चालक और परिचालक में टिकट कलेक्शन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बस जैसे ही हमीद सेतु पार कर आगे बढ़ी। कालूपुर तिराहे के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद राहगीर और ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। इधर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला। हादसे में उधरनपुर निवासी संध्या राय, फिरोजपुर निवासी सुमुंतरी, उधरनपुर के शिवांश, रेवतीपुर के राकेश राय, दिलदारनगर की रूबी, रेवतीपुर के भूषण तिवारी, रेवतीपुर की नीरा तिवारी घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। संयोग ठीक रहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं, उन्हें मामूली चोटें आई हैं। इधर घटना के बाद राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों के पहिए थम गए। बाद में पुलिस ने वाहनों का आवागमन सुचारू कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारावती ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है।