रायपुर स्थित बीयर की दुकान और एलआईसी अभिकर्ता के कार्यालय में शनिवार की रात चोर छत और दीवार में सेंध मारकर घुस गए। चोरों ने बीयर की दुकान से 20 पेटी बीयर सहित 34 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
रायपुर स्थित बीयर की दुकान शनिवार रात 10 बजे बंद कर हिंगनपुर निवासी सेल्समैन राजेश गिरि और एलआईसी अभिकर्ता संकठा चौहान कार्यालय बंद कर घर चले गए। रात में चोर दुकान के पिछले हिस्से से दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए और छत की पटिया हटाकर दुकान में घुस गए। चाेरों ने 30 हजार की नकदी और 20 पेटी बीयर पर हाथ साफ कर दिया। 17 पेटी बीयर दुकान की छत और 20 पेटी दुकान के बाहर छोड़ दिया। दूसरे दिन सुबह जब आसपास के लोगों ने दुकान के बाहर बीयर की पेटी पड़ी देखी तो घटना की जानकारी सेल्समैन राजेश गिरी को दी। सेल्समैन ने बीयर दुकान संचालक बड़ेगांव निवासी पंकज कुमार चौबे और पुलिस को चोरी की जानकारी दी। इधर चोर एलआईसी अभिकर्ता संकठा चौहान के कार्यालय के पिछली दीवार में सेंध मारकर घुस गए और कार्यालय के टेबल में लगे लोहे की दराज तोड़कर पर्स में रखे चार हजार नकद पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।