जंगीपुर कृषि मंडी में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान नाराज व्यापारियों से बात करते अधिकारीगण। सं
भड़सर। जंगीपुर कृषि मंडी परिसर में बुधवार को व्यापारियों द्वारा आवंटित दुकानों और एलॉट रूम के बाहर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। सदर नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों के अवैध निर्माण और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।व्यापारी नेता लालजी गुप्ता ने आरोप लगाया कि व्यापारियों को बिना कोई नोटिस दिए अचानक बुलडोजर की कार्रवाई की गई।
इससे व्यापारियों का सामान खुले आसमान के नीचे आ गया है और उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कई व्यापारी बैंक से कर्ज लेकर अपना कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में अचानक हुई कार्रवाई से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, कार्रवाई के दौरान जंगीपुर, बिरनो, करंडा, कोतवाली, रामपुर मांझा, दुल्लहपुर और नोनहरा सहित अन्य थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं मंडी सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व भी मंडी परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उस दौरान कई दुकानदारों द्वारा बांस-बल्लियों के सहारे टीन और मड़ई लगाकर खाद्यान्न रखा गया था, जिसे हटाने के निर्देश दिए गए थे। बार-बार कहने के बावजूद कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके चलते कार्रवाई करनी पड़ी। मंडी परिसर में कुल 56 दुकानदारों को दुकानें आवंटित हैं।