जंगीपुर थाना क्षेत्र के यादव मोड़ के पास दो सप्ताह पूर्व हुई फर्नीचर व्यवसायी जितेंद्र यादव की हत्या के चार आरोपियों को देवकठिया स्थित एक छप्पर से गिरफ्तार मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा, पांच मोबाइल और दो बाइक भी बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बहन को छोड़ने पर पर साले ने ही जीजा की हत्या कराई थी।
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 24 अक्तूबर की सुबह जंगीपुर थाना क्षेत्र के यादव मोड़ के पास बाइक सवार फर्नीचर व्यवसायी जितेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। थानाध्यक्ष जंगीपुर पुलिस टीम के साथ शनिवार रात यादव मोड़ पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि फर्नीचर व्यवसायी की हत्या से संबंधित आरोपी फोरलेन हाईवे पर देवकठिया मोड़ के पास एक छप्पर में बैठे हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को देखते ही दो लोग भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस तथा दूसरे के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी प्रिंस यादव ने बताया कि परिचित एवं रिश्तेदार सेमरा चक फैज निवासी अरविंद यादव की बहन की शादी वर्ष 2018 में मृतक जितेंद्र यादव से हुई थी। आपस में अनबन के चलते जितेंद्र ने अपनी पत्नी को छोड़ दिया था। कई बार पंचायत के बाद भी वह पत्नी को साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुआ। इस पर उसके साले ने जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक के साले उसे उसी समय हत्या करने के लिए पिस्टल - कारतूस दिया था और बताया था कि जब जितेंद्र दूसरी शादी करने लगे तो उसको जान से मार देना। बीते 24 अक्तूबर को आरोपी प्रिंस यादव अपने तीन अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम देने के लिए निकल पड़ा। दो साथी घर के पास मोड़ पर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। कुछ देर बाद जितेंद्र यादव के घर से निकलने की सूचना पर यादव मोड़ से 300 मीटर दूर आरोपियों ने गोली मारकर जितेंद्र की हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस तथा एक खोखा, एक 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, पांच मोबाइल और दो बाइक बरामद हुआ। गिरफ्तार लोगों में नंदगंज थाना क्षेत्र के मुड़वल निवासी प्रेम यादव उर्फ प्रिंस और बीकापुर निवासी राहुल यादव, सोनू यादव और संदीप यादव शामिल हैं। चारों का चालान कर दिया गया।