गाजीपुर। नवजात शिशु की देखभाल करना उन माताओं के लिए एक बड़ी समस्या होती है जो पहली बार मां बनती हैं और उनके घर में बड़ा-बुजुर्ग नहीं होने से नवजात की देखभाल ठीक तरह से नहीं हो पाती है। जिले में 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जा रहा है जिसके अंतर्गत माताओं को जन्म लेने वाले शिशुओं को किस तरह से देखभाल करनी चाहिए इसके बारे में विस्तृत रूप से बताया जा रहा है।
जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तारकेश्वर ने बताया कि पहली बार माता-पिता बनने वाले जोड़ों के लिए अपने नवजात शिशु के साथ शुरूआती कुछ महीने काफी अस्त-व्यस्त हो सकते हैं। आपको नवजात शिशु की देखभाल के बारे में हर तरह की सलाह मिलेगी और उनमें से कुछ एक-दूसरे के विपरीत भी होंगी। नवजात शिशु की देखभाल के संबंध में किस सलाह को मानना चाहिए यह तय करना दुविधापूर्ण हो सकता है। नवजात शिशु की देखभाल करना थका देने वाला और चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन यह जीवन के सबसे अद्भुत और अतुलनीय अनुभवों में से एक भी होता है। उन्होंने बताया कि बच्चे को समय पर स्तनपान करवाना बहुत जरूरी है। एक नवजात शिशु को हर दो से तीन घंटे में स्तनपान करवाया जाना चाहिए, जिसका मतलब है कि आपको 24 घंटों में उसे आठ से बारह बार स्तनपान कराने की आवश्यकता होती है।