शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के विरुद्ध सरजू पांडेय पार्क में बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोटी-चटनी खाकर महंगाई का विरोध किया।
धरना में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शफीक अहमद ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई की मार पड़ रही है। गरीब एवं मध्यम वर्ग की जनता की थाली से दाल पूरी तरह से गायब हो चुकी है। एक तरफ जहां हर सामान के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। वरिष्ठ नेता डा. मारकंडेय सिंह ने कहा कि महंगाई एवं भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। झूठे वादे कर सत्ता में आई मोदी सरकार को आम जनता समझ चुकी है और इसका जवाब देने के लिए बेताब है।
इस सरकार की भ्रष्टाचार से आम जनता त्रस्त है। अभी उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में प्रदेश सरकार ने बेईमानी करके अपने उम्मीदवारों को चुनाव में जीत दिलाई। आने वाले चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पर्यवेक्षक राजीव उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों की लड़ाई सदैव से लड़ती चली आ रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
मोदी सरकार द्वारा गरीबों की थाली से दाल छीनना बहुत ही निंदनीय कार्य है। इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश राय शास्त्री, रामनगीना पांडेय, रविकांत राय, मो. राशिद, बटुकनरायन मिश्रा, आशुतोष गुप्ता, समीउल्लाह, मिलिंद सिंह, अनुराग पांडेय, सुनील कुमार, आनंद राय, राकेश राय, अजय श्रीवास्तव, ऊषा चतुर्वेदी, हामिद सिद्दीकी, फैशल कमाल, विनय जायसवाल आदि उपस्थित थे।